'जब कास्त्रो ने की चहलक़दमी'

फ़ीदल कास्त्रो की आंतों का एक ऑप्रेशन 2006 में हुआ था जिसके बाद से वह सार्वजनिक तौर पर नहीं देखे गए.
वेनेज़ुएला टीवी चैनल पर बोलते हुए शावेज़ ने कहा कि फ़िदेल चहलक़दमी के लिए हवाना की एक गली से गुज़रे थे. उन्होंने यह भी बताया की उनकी स्थिति ‘बहुत अच्छी’ नज़र आ रही थी.
उन्होंने कहा कि फ़िदेल के सैर करने की तस्वीर भी उन्होंने देखी है, लेकिन उन्होंने ये नहीं बताया कि फ़िदेल कास्त्रो आख़िर सैर पर कब गए थे.
कास्त्रों 82 वर्ष के हो चुके हैं. उन्होंने 2006 में राष्ट्रपति पद का कार्यभार अपने भाई और क्यूबा के वरिष्ठ नेता रॉल कास्त्रो को सौंप दिया था लेकिन औपचारिक तौर पर फ़रवरी 2008 में वे रेटायर हो गए.
हवाना में बीबीसी के माईकल वॉस का कहना है कि फ़िदेल कास्त्रो की स्वास्थ संबंधी ख़बरें दूसरे देश से आनी कोई नई बात नहीं है.
उन्होंने कहा कि फ़िदेल कास्त्रो की सार्वजनिक तौर पर देखे जाने की आख़िरी तस्वीर चिली के राष्ट्रपति माईकल बेशेलेट के क्यूबा दौरे के बाद चिली में रिलीज़ हुई थी.
उन तस्वीरों में क्यूबा के भूतपूर्व नेता पहले से बेहतर हालत में नज़र आ रहे थे और यह लगता था कि उनका वज़न भी कुछ बढ़ा है.
शावेज़ कास्त्रो की मुलाक़ात
शुक्रवार को वेनेज़ुएला की राजधानी कराकास में बोलते हुए शावेज़ ने कहा, "हम सब को फ़िदेल ने हैरान कर दिया."
वेनेज़ुएला के नेता ने कहा कि इस हफ़्ते फ़िदेल कास्त्रो ने उन्हें एक ख़त भेजा जिसमें उन्होंने लिखा है कि वह टहलते हुए ‘दूर’ तक निकल गए ताकि वह उन पेड़ों को देख सकें जिन्हें उन्होंने 40 साल पहले आंदोलन के ज़माने में लगाया था.
शावेज़ ने बताया की उन्होंने 20 फ़रवरी को फ़िदेल कास्त्रो से तीन घंटे की मुलाक़ात की और उसके दूसरे दिन वह उनके साथ चार घंटे तक रहे.
वेनेज़ुएला सरकार का कहना है कि दोनों नेताओं ने ग्लोबल आर्थिक संकट और अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के नए शासन पर बात की.
फ़िदेल कास्त्रो के स्वास्थ को लेकर उस वक़्त अटकलें तेज़ हो गईं जब वह क्यूबा में क्रांति की 50वीं वर्षगांठ के जश्न में शामिल नहीं हुए. उनकी अनुपस्थिति ने यह आशंका पैदा की कि कहीं उनकी हालत बहुत नाज़ुक तो नहीं हो गई है.


Click it and Unblock the Notifications