बांग्लादेश विद्रोह में 140 सैनिक मारे गये !

अधिकारियों ने बताया कि अभी तक बरामद 71 में से कई शव विद्रोह के दौरान मुख्यालय भवन में सामूहिक रूप से दफ्ना दिये गये थे। तमाम शव नालियों में बहा दिये गये। मुख्यालय में चल रहे सर्च ऑपरेशन में शवों के मिलने का सिलसिला जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक डेढ़ सौ से ज्यादा सैन्य अधिकारी व जवान लापता हैं। उनकी तलाश जारी है। इन लोगों की मौत की आशंका भी व्यक्त की गई है।
सैनिकों के विद्रोह पर प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बांग्लादेश राइफल्स (बीडीआर) के जवानों को उकसाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की घोषणा की।
हसीना ने कहा है कि बीडीआर द्वारा किया गया यह विद्रोह निश्चित रूप से कुछ लोगों के दिमाग की उपज रहा है। हसीना ने कहा कि कोई अकेले विद्रोह नहीं कर सकता। इस घटना में कुछ समूह जरूर लिप्त रहे हैं। हर कोई इसमें शामिल नहीं था, लेकिन कोई एक समूह जरूर था।
हसीना ने कहा कि इस सिलसिले में आम माफी की घोषणा जरूर की गई है, लेकिन हर संस्थान का अपना कानून होता है और कानून अपना काम पूरा करेगा।
इससे पहले बांग्लादेश में लापता सैन्य अधिकारियों की तलाश में सेना के टैंक बीडीआर के मुख्यालय में शुक्रवार को दाखिल हुए। इसी मुख्यालय में बीडीआर के सुरक्षाकर्मियों ने सेना के खिलाफ 33 घंटे तक मोर्चा बांधे रखा था।
सेना के जवान छह टैंकों और 20 बख्तरबंद गाड़ियों के साथ मुख्यद्वार से बीडीआर परिसर में दाखिल हुए थे। सेना द्वारा बीडीआर मुख्यालय में बचाव और तलाशी अभियान जारी है। दो ब्रिगेडियर जनरलों के नेतृत्व में सेना के दो दल परिसर में दाखिल हुए।


Click it and Unblock the Notifications