ओबामा की यात्रा से पहले रूसी विमानों की घुसपैठ की कोशिश नाकाम : कनाडा
टोरंटो, 28 फरवरी (आईएएनएस)। कनाडा ने एक सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की गत 19 फरवरी की ओटावा यात्रा से चंद घंटे पहले रूस के दो लड़ाकू विमानों की उसकी सीमा में घुसपैठ की कोशिश नाकाम की गई थी। रूस ने इसका जोरदार खंडन किया है।
कनाडा के रक्षा मंत्री पीटर मैक्के ने शुक्रवार को कहा कि रूसी लड़ाकू विमान 18 फरवरी को आर्कटिक क्षेत्र में कनाडा की वायुसीमा के निकट देखे गए थे। इसके बाद कनाडाई और अमेरिकी विमानों ने दोनों रूसी विमानों का पीछा कर उन्हें लौटने के लिए विवश कर दिया।
उन्होंने इस घटना को ओबामा के ओटावा दौरे से भी जोड़कर देखा। कनाई रक्षा मंत्री ने कहा, "रूस के दोनों विमानों को राडार स्क्रीन पर स्पष्ट तौर पर देखा गया। यह कोई खेल नहीं था। कनाडा की वायुसीमा में दोनों विमानों को घुसते देखा गया था।"
उधर, रूस ने इस बयान को मनगढ़ंत करार दिया है। रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "उड़ान भरने के समय रूसी विमानों ने अंतर्राष्ट्रीय उड़ान नियामकों का पूरी तरह से पालन किया था और उनके द्वारा कनाडाई वायुसीमा को लांघने की कोई संभावना नहीं थी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications