नक्सलियों ने रेलवे स्टेशन व सरकारी इमारतें उड़ाईं, झारखंड में परीक्षा स्थगित (लीड-1)
इस बीच झारखंड सरकार ने नक्सलियों के हड़ताल के आह्वान के मद्देनजर राज्य में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित करने का निर्णय लिया है।
भुवनेश्वर में पुलिस महानिरीक्षक प्रणबिंदु आचार्य ने आईएएनएस को बताया कि करीब 100 नक्सलियों ने सुंदरगढ़ जिले में भालुलता रेलवे स्टेशन पर धावा बोला और वहां मौजूद तीन कर्मचारियों को इमारत खाली करने को कहा। उसके बाद उन्होंने उसे विस्फोटकों से उसे उड़ा दिया। यह रेलवे स्टेशन भुवनेश्वर से करीब 600 किलोमीटर दूर उड़ीसा-झारखंड सीमा पर है।
उधर झारखंड में हुसैनाबाद थाना से लगभग 25 किलोमीटर दूर महुदंड गांव में रात को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी के लगभग 25 से 30 की संख्या में नक्सली आए और विस्फोटक लगाकर सामुदायिक भवन तथा ग्राम पंचायत भवन को उड़ा दिया।
हुसैनाबाद के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुरेन्द्र कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि नक्सलियों द्वारा की गई इस वारदात में सामुदायिक भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया जबकि ग्राम पंचायत भवन का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ। उन्होंने बताया कि पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ छापामारी अभियान प्रारंभ कर दिया है। नक्सलियों ने जनवरी, 2007 में भी इस गांव में बाजार समिति के एक भवन को उड़ा दिया था।
इस बीच झारखंड शैक्षणिक परिषद (जेएसी) के चेयरमैन शालीग्राम यादव ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया, "हमने परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। 10वीं कक्षा की परीक्षा अब 14 मार्च से और 12 कक्षा की परीक्षा 19 मार्च से शुरू होगी।"
उल्लेखनीय है कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी- माओवादी ने अपनी केंद्रीय समिति के चार सदस्यों की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को झारखंड, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल में हड़ताल का आह्वान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications