गांधीजी की वस्तुओं की नीलामी रुकवाने के विकल्प तलाश रही है सरकार
महात्मा गांधी की पांच निजी वस्तुओं -एक जेब घड़ी, चश्मा, सैंडल, कटोरा और तश्तरी की 4-5 मार्च को न्यूयार्क में नीलामी होने वाली है।
संस्कृति मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "संस्कृति मंत्रालय इन वस्तुओं की नीलामी रुकवाने की हरसंभव कोशिश कर रहा है। हम सभी वस्तुओं को जल्द से जल्द भारत लाने के लिए सभी उपाय कर रहे हैं।"
गांधीवादियों और चिंतित नागरिकों की ओर से सरकार पर इस मामले में हस्तक्षेप करने के लिए बहुत दबाव पड़ रहा है। अधिकारी ने बताया, "नीलामी का दिन काफी नजदीक आ गया है इसलिए मंत्रालय को इस बारे में जल्द फैसला करना होगा।"
मंत्रालय के अनुसार वाशिंगटन में भारतीय दूतावास और न्यूयार्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास से इस बारे में नीलामीकर्ताओं से बात करने को कहा गया है।
गांधीजी के पोते तुषार गांधी ने सरकार द्वारा हस्तक्षेप करने के फैसले का स्वागत किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications