तिब्बती विद्रोह की वर्षगांठ के मद्देनजर नेपाल में प्रदर्शनों पर लगा प्रतिबंध
काठमांडू, 28 फरवरी (आईएएनएस)। नेपाल ने चीन के खिलाफ तिब्बती विद्रोह की वर्षगांठ के ठीक पहले देश में विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
काठमांडू में जिला प्रशासन ने शनिवार से चीनी दूतावास और वीजा कार्यालय के समीप विरोध-प्रदर्शनों पर रोक लगा दी है। दूतावास के 200 मीटर के दायरे में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
पिछले वर्ष दूतावास के समीप तिब्बती प्रदर्शनकारियों ने श्रृंखलाबद्ध तरीके से विरोध किया था। बीजिंग ओलंपिक के आयोजन के विरोध में विश्व के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन हुए थे।
तिब्बती विद्रोह की वर्षगांठ 10 मार्च को है। 10 मार्च 1959 के दिन ही तिब्बतियों ने चीनी सेना के खिलाफ विद्रोह किया था। हर वर्ष 10 मार्च को विश्व भर में तिब्बती विरोध और प्रार्थना दिवस मनाते हैं।
माना जा रहा है कि इस वर्ष तिब्बती विद्रोह की 50वीं वर्षगांठ के कारण विरोध प्रदर्शन तेज होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications