नेपाल में शोभराज मामले की सुनवाई आगे बढ़ाई गई
काठमांडू, 28 फरवरी (आईएएनएस)। नेपाल में कुख्यात अपराधी चार्ल्स शोभराज को हमेशा के लिए सलाखों के पीछे ले जाने के लिए महत्वपूर्ण मूल दस्तावेजों को प्रस्तुत करने में असफल रहने के बाद अभियोजन पक्ष ने अब शोभराज मामले की सुनवाई को लंबा खींचने की कोशिश कर रहा है।
जाली पासपोर्ट के साथ नेपाल में प्रवेश और हत्या मामले में जुड़े रहने की वजह से जेल में बंद शोभराज के खिलाफ यदि आरोप सिद्ध हो जाते हैं तो उसे आजीवन कारावास की सजा काटनी पड़ेगी।
पाटन की अपीली अदालत में गुरुवार को शोभराज मामले की सुनवाई होनी थी लेकिन अभियोजन पक्ष ने वरिष्ठ वकील के उपस्थित नहीं रहने का हवाला देते हुए मामले की सुनवाई नहीं होने दी। ऐसा दूसरी बार हुआ है जब शोभराज मामले की सुनवाई नहीं हो पाई।
इस महीने के शुरुआत में अदालत ने अटार्नी जनरल के कार्यालय से मामलों से संबंधी फाइल नहीं पहुंचने के कारण सुनवाई आगे बढ़ा दी थी।
पुलिस का कहना है कि शोभराज वर्ष 1975 में नीदरलैंड के एक पर्यटक के पासपोर्ट पर नेपाल आया था। दूसरी ओर शोभराज इस आरोप से इंकार करता रहा है। उसका कहना है कि 2003 से पहले वह कभी भी नेपाल नहीं आया।
पुलिस ने बाद में शोभराज पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या का आरोप लगाया। मामले की सुनवाई कर रहे सर्वोच्च न्यायालय ने निचली अदालत से कहा है कि वह पासपोर्ट मामले को पहले सुलझाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications