मप्र में 1300 जोड़ों ने ब्याह रचा कर बनाया रिकार्ड
ग्वालियर के व्यापार मेले का मैदान शुक्रवार को दूल्हा और दुल्हनों से पटा पड़ा था। जहां भी नजर दौड़ाई जाए हर तरफ रंगीन साड़ी में दुल्हन तो चमकदार सूट में दुल्हा दिखाई दे रहा था। अचलेश्वर न्यास द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में हर वर्ग के युगल दांपत्य जीवन के सूत्र में बंधे। इस मौके पर ब्याहता जोड़े को उपहार में अलमारी, गैस सिलेंडर और चूल्हा, पलंग बिस्तर, रंगीन टी़ वी़, बर्तन और मंगलसूत्र भी मिला।
दांपत्य सूत्र में बंधे जोड़ों को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनूप मिश्रा की ओर से मंगलसूत्र दिया गया। वहीं इस मौके पर उपस्थित प्रभारी मंत्री जयंत मलैया और सांसद यशोधरा राजे सिंधिया ने दांपत्य सूत्र में बंधे जोड़ों को शुभकामनाएं दीं।
मालूम हो कि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोहों का आयोजन किया जा रहा है। ग्वालियर से पहले सबसे ज्यादा 1100 जोड़े खरगोन में ब्याहे गए थे और अब यहां 1300 जोड़ों की शादी कराकर इतिहास रचे जाने का दावा किया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।