पाक के कई सवालों के जवाब आरोप पत्र में मौजूद : चिदंबरम (लीड-3)
चिदंबरम ने शुक्रवार को कहा कि इन सवालों के कई जवाब मुंबई पुलिस द्वारा दायर किए गए आरोप पत्र में मौजूद हैं।
चिदंबरम ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "हालांकि मैं कह सकता हूं कि पाकिस्तान को सौंपे गए सबूत अकाट्य हैं, ठोस हैं और तथ्यों पर आधारित हैं।"
गृह मंत्री ने कहा, "कई हफ्तों तक जद्दोजहद के बाद पाकिस्तान यह स्वीकारने को मजबूर हुआ कि आतंकी हमले की साजिश रचने तथा उसे अंजाम देने के लिए उसकी धरती का इस्तेमाल किया गया। वह स्वीकारोक्ति संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की ठोस विदेश नीति व कूटनीति की जीत का एक संकेत था।"
ज्ञात हो कि पाकिस्तान ने भारत द्वारा दिए गए सबूतों के आधार पर 30 सवाल खड़े किए हैं।
चिदंबरम ने कहा, "पाकिस्तान द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब हम तैयार कर रहे हैं, लेकिन इनमें से तमाम प्रश्नों के उत्तर मुंबई पुलिस द्वारा दायर आरोप पत्र में दे दिए गए हैं।"
गृह मंत्री ने कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि पाकिस्तान जांच को अंतिम परिणाम तक पहुंचाएगा और अपराध में शामिल आतंकियों को दंडित करेगा।"
पाकिस्तानी नौसेना प्रमुख एडमिरल नोमान बशीर के बयान पर टिप्पणी करते हुए चिदंबरम ने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है कि कल कोई दूसरा व्यक्ति इस बयान का खंडन कर देगा।"
यह पूछे जाने पर कि क्या आरोप पत्र में पाकिस्तानी सेना के किसी एक वर्तमान अधिकारी को भी शामिल किया गया है? गृह मंत्री ने कहा, "इस बारे में हमें नहीं पता। जांच अधिकारी राकेश मारिया ने कहा है कि उन्होंने ऐसे किसी व्यक्ति को उसमें शामिल किया है, लेकिन उसका नाम नहीं पता है।"
चिदंबरम के साथ संवाददाता सम्मेलन में मौजूद विदेश राज्यमंत्री आनंद शर्मा ने कहा, "पाकिस्तान ने मुंबई हमले पर अक्सर अलग-अलग बयान दिए हैं।"
शर्मा ने कहा, "तरह-तरह के बयानों और दोरंगेपन से भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। पाकिस्तानी नेतृत्व को यह सुनिश्चित करना है कि एक जुबान में बात की जाए।"
शर्मा ने आगे कहा, "एक बार जो तथ्य स्वीकार कर लिया जाएं, उस पर अंतिम समय तक डटे रहना चाहिए।"
बशीर ने यह भी कहा था कि मुंबई हमला, भारतीय नौसेना की चौकसी में खामी का परिणाम रहा है।
बशीर के इस बयान पर चिदंबरम ने कहा, "हमें पाकिस्तानी नौसेना से प्रमाण पत्र या तारीफ नहीं चाहिए।"
गृह मंत्री ने कहा, "मैंने संसद में कहा है कि कुछ चूकें हुई थीं और उन्हें दूर किया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications