भारत ने पाकिस्तान से मुंबई हमले पर एक जुबान में बोलने के लिए कहा (लीड-1)
गृहमंत्री पी.चिदंबरम ने एक संवाददाता सम्मेलन में नौसेना प्रमुख एडमिरल नोमान बशीर के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा, "मुझे पूरा भरोसा है कि कल कोई दूसरा व्यक्ति इस बयान का खंडन कर देगा।"
पाकिस्तानी नौसेना प्रमुख बशीर ने कहा है कि मुंबई हमले का एक मात्र जिंदा आरोपी अजमल आमिर कसाब और अन्य नौ आतंकी समुद्र के रास्ते मुंबई नहीं पहुंचे थे।
चिदंबरम के साथ संवाददाता सम्मेलन में मौजूद विदेश राज्यमंत्री आनंद शर्मा ने कहा, "पाकिस्तान ने मुंबई हमले पर अक्सर अलग-अलग बयान दिए हैं।"
शर्मा ने कहा, "तरह-तरह के बयानों और दोरंगेपन से भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। पाकिस्तानी नेतृत्व को यह सुनिश्चित करना है कि एक जुबान में बात की जाए।"
शर्मा ने आगे कहा, "एक बार जो तथ्य स्वीकार कर लिया जाए, उस पर अंतिम समय तक डटे रहना चाहिए।"
बशीर ने यह भी कहा था कि मुंबई हमला, भारतीय नौसेना की चौकसी में खामी का परिणाम रहा है।
बशीर के इस बयान पर चिदंबरम ने कहा, "हमें पाकिस्तानी नौसेना से प्रमाण पत्र या तारीफ नहीं चाहिए।"
गृह मंत्री ने कहा, "मैंने संसद में कहा है कि कुछ चूकें हुई थीं और उन्हें दूर किया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications