बालीवुड फिल्मों से खास रिश्ता रहा है नेपाल के शाही थियेटर का
सुदेषना सरकार
काठमांडू, 27 फरवरी(आईएएनएस)। आठ वर्ष पहले शुक्रवार की रात नेपाल के इस नारायणहिति शाही महल में ऐसा कत्लेआम हुआ था, जिसने लोगों की संवेदना को झकझोर कर रखा दिया था। इस शुक्रवार को जब यह महल आम लोगों के लिए खोला गया तो लोगों की उत्सुक आंखें महल के रहस्य को भेदने के लिए लालायित हो गईं। इस महल में एक ऐसा थियेटर है जहां शाही परिवार के लोग बालीवुड की फिल्में देखा करते थे।
नेपाल शाही परिवार के पतन के बाद यह महल संग्रहालय में तब्दील हो गया है। आज जब इसे आम लोगों के लिए खोला गया तो यहां शाही जिंदगी के अवशेषों से रू-ब-रू होने के लिए भारी भीड़ जुटी। इसमें भारतीय पर्यटक भी शामिल हैं। वैसे, अभी भी शाही परिवार का सर्प सिंहासन, हीरे-जवाहरात से जड़ित ताज और दूसरी कई बेशकीमती वस्तुएं लोगों की नजरों से दूर है।
यहां आने वाले भारतीयों के लिए यहां का शाही सिनेमाघर आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 100 सीटों वाले इस हॉल में शाही परिवार बालीवुड की फिल्मों का लुत्फ उठाया करता था। टीवी का चलन जोर पकड़ने के बाद यहां गहमागहमी कम होने लगी। यहां के पुराने कर्मचारी बताते हैं कि अंतिम बार पूरे शाही परिवार ने 'राम तेरी गंगा मैली' फिल्म एक साथ बैठकर देखी थी।
तीन वर्ष पहले राजा ज्ञानेंद्र की पौत्री पूर्णिका ने इस हॉल में रितिक रोशन की फिल्म 'कृष' देखने की जिद कर दी। उसने अपनी सहेलियों के साथ इस हॉल में फिल्म का लुत्फ उठाया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications