मानवीय सहायता पर भी पड़ेगी मंदी की मार: रेड क्रास प्रमुख
नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। रेड क्रॉस प्रमुख ने कहा है कि वैश्विक आर्थिक मंदी की मार इस अंतर्राष्ट्रीय संस्था के मानवीय सहायता कोष पर भी पड़ेगी।
इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ रेड क्रॉस एंड रेड क्रिसेंट (आईएफआरसी) के महासचिव बेकले गेलेटा ने आईएएनएस को दिए साक्षात्कार में कहा, "वैश्विक आर्थिक संकट का मानवीय कार्यो पर असर पड़ेगा। इस समय यह बता पाना संभव नहीं है कि इस संकट से मानवीय सहायता में कितने की कटौती आएगी।"
उन्होंने कहा कि यह साल बेहद संकट वाला हो सकता है और कोष की कमी हो सकती है। गेलेटा ने कहा, "हमने जिम्बाब्वे में हैजा और अफ्रीका में सूखा के लिए सहायता राशि मुहैया कराने का आह्वान किया था। अब तक दाताओं की ओर से जवाब संतोषजनक नहीं रहा है। मैं कोष की कमी से इंकार नहीं कर सकता।"
रेड क्रॉस प्रमुख भारत को एक बड़ी आर्थिक ताकत मानते हैं। उन्होंने कहा, "भारत एक वैश्विक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि भारत एक दिन वैश्विक ताकत जरूर बनेगा।"
उन्होंने कहा कि भारत उन देशों में से एक है जहां रेड क्रॉस एचआइवी/एड्स से लड़ने में ज्यादा ध्यान केंद्रित कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications