अमेरिका, पाकिस्तान और अफगानिस्तान नियमित त्रिपक्षीय बैठक करेंगे
वाशिंगटन, 27 फरवरी(आईएएनएस)। अमेरिका, पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने तालिबान के खिलाफ पिछले सात वर्षो से जारी जंग के नतीजों का आकलन करने के लिए नियमित त्रिपक्षीय बैठकें करने का फैसला लिया है। विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने इसकी घोषणा की है।
हिलेरी ने अफगानिस्तान और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडलों के साथ तीन दिनों की गहन वार्ता के बाद गुरुवार को इसकी घोषणा की कि तीनों मुल्क तालिबान के खिलाफ जारी लड़ाई की दिशा और नतीजों पर नियमित तौर पर मंथन करेंगे। उन्होंने इस वार्ता को अप्रत्याशित करार दिया।
उन्होंने बताया कि अगली त्रिपक्षीय बैठक अप्रैल के अंत में मई के शुरू में हो सकती है। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "हम तीनों राष्ट्रों का लक्ष्य साझा है। हमारा देश अपने दोस्त राष्ट्रों के प्रति प्रतिबद्घता जताता है और हमारी कामना है कि हमारा साझा प्रयास सफल हो।"
इस मौके पर पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी और अफगानिस्तान के विदेश मंत्री रंगीन ददफर स्पांटा भी मौजूद थे। एकजुटता प्रकट करने के इरादे से मंगलवार को कुरैशी और स्पांटा एक साथ वार्ता कक्ष से बाहर निकले थे और उन्होंने कहा था कि उनके बीच नियमित वार्ता को लेकर सहमति बन गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications