ओबामा परिवार को मिला पसंदीदा कुत्ता
वाशिंगटन, 27 फरवरी(आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की दोनों चुलबुली बेटियों के चेहरों की मुस्कान बढ़ गई है, क्योंकि देश के इस प्रथम परिवार ने एक मनमाफिक कुत्ता ढूंढने का मिशन पूरा कर लिया है। देश का 'प्रथम कुत्ता' बनने का सौभाग्य किसी अमेरिकी कुत्ते को नहीं, बल्कि पुर्तगाली कुत्ते को प्राप्त हुआ है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार ओबामा की बेटियों मालिया और साशा को इस कुत्ते के व्हाइट हाउस में आने का बेसब्री से इंतजार है। एक महीने की तलाश के बाद प्रथम महिला मिशेल ओबामा ने एक पुर्तगाली कुत्ते को अपनी नए ख्वाबगाह में जगह देने का फैसला किया है। यह पुर्तगाली 'वाटर डॉग' अप्रैल से ओबामा परिवार के साथ रहने आएगा। अमेरिकी पत्रिका पीपुल ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया है।
ओबामा ने चुनाव अभियान के दौरान अपनी बेटियों से वादा किया था कि उनके लिए पसंदीदा कुत्ता खरीदा जाएगा। इस नस्ल के कुत्ते का चयन इसलिए भी किया है क्योंकि इससे एलर्जी होने का खतरा काफी कम है। गौरतलब है कि मालिया को एलर्जी है।
देश का 'प्रथम कुत्ता' बनने का सौभाग्य किस कुत्ते को हासिल होगा इसे लेकर मीडिया में जारी कयासीबाजी से मिशेल हैरत में थीं। उन्होंने कहा, "मुझे अंदाजा नहीं था कि इसे लेकर भी मीडिया इतना चौकस होगा।" जाने-माने डेमोक्रेट सीनेटर टेड केनेडी ने इस परिवार को इस नस्ल का कुत्ता पालने की सलाह दी थी। टेड के पास ऐसे दो कुत्ते हैं।
अब कुत्ते के नामकरण को लेकर बहस तेज है। वैसे, मिशेल ने उसके लिए सुझाए गए दो नामों फ्रैंक और मूस को खारिज कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications