उड़ीसा में तापमान में वृद्धि के बाद अलर्ट
भुवनेश्वर, 26 फरवरी (आईएएनएस)। उड़ीसा के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो जाने के मद्देनजर गुरुवार को जिलाधिकारियों को पर्याप्त पेय जलापूर्ति और स्वास्थ्यकर्मियों को सतर्क रखने का आदेश दिया है।
राज्य के राजस्व नियंत्रण कक्ष से संबद्ध अधिकारी मनोरंजन चौधरी ने आईएएनएस को बताया, "राज्य सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट कर दिया है।"
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारियों को पेय जलापूर्ति, आश्रय और दवाइयों का पर्याप्त मात्रा में स्टॉक रखने और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल स्टॉफ को तैयार रखने के उपाय करने को कहा है।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से आठ डिग्री अधिक था।
मौसम विभाग के अधिकारी के अनुसार कटक में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस और चांदबाली, बोलनगीर, मल्कानगिरी तथा बारीपदा में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य के अन्य हिस्सों का तापमान 31 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
उड़ीसा में 1998 में लू लगने से 2000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications