न्यूजीलैंड में भारतीय छात्रों पर नस्लीय छींटाकशी
वेलिंग्टन , 25 फरवरी (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के दक्षिणी शहर इनवरकारगिल में अध्ययन कर रहे भारतीय छात्रों को स्थानीय लोगों की नस्लीय अपशब्दों का शिकार होना पड़ा है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इनको आतंकवादी भी कहा गया है।
समाचार पत्र 'द साउथलैंड टाइम्स' के अनुसार नस्लभेदी टिप्पणी के शिकार लोगों में से चार सिख हैं, जिन्होंने पगड़ी पहन रखी थी। कुछ अनजान लोगों ने उनको अरब या मुस्लिम समझने की भूल की।
इनमें से एक जसदीप सिंह ने अखबार को बताया कि सुरक्षा के लिए उसने अपने धर्म के नियमों के खिलाफ बाल कटा दिए हैं ताकि पगड़ी ना पहननी पड़े।
जसदीप ने कहा कि उसने अपने अभिभावकों को इसके बारे में नहीं बताया है। इससे उनको धक्का लगेगा और वे नाराज होंगे।
पिछले महीने ही एक तकनीकी इंस्टीट्यूट में पढ़ने पहुंचे 25 छात्रों में से पांच ने कहा कि पिछले 12 दिनों में नस्लीय छींटाकशी की 16 घटनाएं हुईं।
जसमाल सिंह ने कहा कि अपशब्द कहने वाले अधिकांशत: लोगों की उम्र 20 वर्ष के आसपास है। छात्रों ने इसके बाद से शाम ढलने पर शहर में घूमना बंद कर दिया है।
संस्थान के व्यापार प्रबंधक भारत गुप्ता ने कहा कि इन घटनाओं के बाद पुलिस से संपर्क किया गया।
साउथलैंड के पुलिस कमांडर बेरी टेलर ने कहा कि यदि इस तरह की घटनाओं में आम समुदाय शामिल होगा तो उन्हें काफी निराशा होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक छोटा तबका ही इन घटनाओं में शामिल होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications