झारखंड में छात्राओं के लिए जीवन साथी तलाशेगा एक कॉलेज
रांची विश्वविद्यालय से संबद्ध स्वायत्तता प्राप्त जमशेदपुर महिला कॉलेज प्रशासन का मानना है कि कई अभिभावक अपनी लड़कियों को केवल इस कारण ऊंची शिक्षा नहीं दिला पाते हैं कि वे इस लड़की के विवाह के लिए योग्य वर की तलाश कहां से करेंगे। इसी समस्या के समाधान के लिए कॉलेज प्रशासन ने ऐसा कार्य किया है।
जमशेदपुर महिला कॉलेज की प्राचार्या शुक्ला मोहंती ने आईएएनएस को बुधवार को बताया कि इसके लिए कॉलेज में बजाप्ता 'स्वयंवर' नाम की एक समिति बनाई गई है, जो इन कार्यो को देखेगा। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह के अंदर चार लड़कों का बायोडाटा भी कॉलेज को मिल चुका है।
उन्होंने बताया कि इस पहल के बाद गरीब अभिभावक भी अपनी लड़कियों को ऊंची शिक्षा दिलाने में नहीं हिचकेंगे। यह सुविधा केवल कॉलेज की छात्राओं के लिए ही उपलब्ध होगी। इस कॉलेज में इंटरमीडिएट से लेकर स्नातकोतर तक की पढ़ाई होती है तथा इस कॉलेज में करीब 1,000 छात्राएं हैं।
कॉलेज प्रशासन की ऐसी पहल से छात्राओं के अभिभावक भी खुश हैं। कॉलेज की स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा प्रीति के पिता एस़ क़े पांडेय बताते हैं कि कॉलेज की यह पहल सच में स्वागत योग्य है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।