मुंबई हमले पर पाक ने मांगी जानकारी, भारत ने कहा पहले करें कार्रवाई (राउंडअप)
नई दिल्ली/इस्लामाबाद/मुंबई, 24 फरवरी (आईएएनएस)। भारत ने मंगलवार को कहा कि वह मुंबई हमले में शामिल आतंकवादियों व उनके आकाओं के बीच हुई बातचीत की रिकार्डिग सहित सभी जरूरी जानकारियां पाकिस्तान को उपलब्ध कराएगा, बशर्ते कि पाकिस्तान अपने यहां आतंकी ढांचे को ध्वस्त करने की दिशा में और कदम उठाए।
ज्ञात हो कि पाकिस्तान ने मुंबई हमले में पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी अजमल आमिर कसाब के इकबालिया बयान की प्रमाणित प्रति और कसाब तथा उसके आकाओं के बीच वार्ता की आडियो रिकार्डिग की मांग की है।
विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया, "जहां तक संयुक्त बातचीत का मामला है तो वह फिलहाल स्थगित है और हम पाकिस्तान से चाहते हैं कि वह आतंकी ढांचों को नष्ट करने के लिए और कार्रवाई करे।"
पाकिस्तानी उच्चायुक्त शाहिद मलिक ने सोमवार को विदेश सचिव शिवशंकर मेनन से मुलाकात के दौरान दोनों देशों के बीच आपसी बातचीत शुरू करने का मुद्दा उठाया था।
लेकिन दिल्ली ने साफ कर दिया है कि बातचीत का रास्ता तभी खुलेगा, जब इस्लामाबाद मुंबई हमले के मामले में विश्वसनीय व प्रामाणिक कार्रवाई करेगा।
उधर, समाचार पत्र 'डान' की रिपोर्ट में मंगलवार को कहा गया कि हेमंत करकरे और दो अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों अशोक काम्टे और विजय सालस्कर की हत्या के एकमात्र प्रत्यक्षदर्शी कांस्टेबल अरुण जाधव के बयान को भी मांगा गया है।
रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान के अधिकारियों ने दो दस्तावेज तैयार किए हैं। एक में 30 प्रश्न और दूसरे में दो अतिरिक्त प्रश्न हैं।
अखबार के अनुसार प्रश्नों में कसाब और उसके आकाओं की बातचीत के टेप के विस्तृत ब्योरे और आतंकवादियों के विदेशी संबंधों के किसी सबूत की मांग की गई है। पाकिस्तान ने तिथिवार सीसीटीवी फुटेज की भी मांग की है।
रिपोर्ट में कहा गया कि यह महत्वपूर्ण है कि करकरे भारत में बड़े पैमाने पर मुस्लिमों की हत्या से संबंधित मामलों की जांच कर रहे थे। इनमें समझौता एक्सप्रेस बम कांड में कथित तौर पर शामिल लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद श्रीकांत पुरोहित भी शामिल था।
अखबार के अनुसार सूरत के हीरा व्यापारियों और पाकिस्तान के कुछ हिंदुओं के संबंधों को भी स्पष्ट किए जाने की आवश्यकता है। क्योंकि हीरा व्यापारियों पर पुरोहित के माध्यम से मालेगांव बम धमाकों के आरोपियों को वित्तीय मदद उपलब्ध कराने का आरोप है।
इस बीच मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त राकेश मारिया ने कहा कि 26 नंवबर को मुंबई पर आतंकवादी हमले में जीवित पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी अजमल आमिर कसाब के ऊपर बुधवार को न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा।
मारिया ने संवाददाताओं से कहा कि आशा है कि इस विशाल आरोप पत्र में 26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले के सभी प्रश्नों का उत्तर होगा।
हमला करने वाले 10 में से पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी कसाब के ऊपर 12 विभिन्न मामले दर्ज किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications