मुंबई हमलों को लेकर कसाब पर पहला आरोप पत्र दायर (लीड-1)
इस भारी भरकम आरोप पत्र को 11,000 से अधिक पेजों में तैयार किया गया और इसमें आतंकवादी हमले के संबंध में 35 अन्य लोगों के भी नाम हैं।
एक शीर्ष कानून अधिकारी ने बताया कि आरोप पत्र को दक्षिणी मुंबई के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया।
विशेष सरकारी वकील उज्जवल निकम ने कहा कि कसाब और लश्कर-ए-तैयबा के दो अन्य कार्यकर्ताओं फहीम अंसारी और सहाबुद्दीन मुहम्मद तथा अन्य के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया है। उन्होंने अन्य आरोपियों का नाम नहीं बताया।
कसाब को कड़ी सुरक्षा के बीच आर्थर रोड जेल में रखा गया है।
निकम ने कहा कि आर्थर रोड जेल परिसर में विशेष अदालत में जेड सुरक्षा में विशेष न्यायाधीश एम.एल. तहिल्यानी मुकदमे की सुनवाई करेंगे।
मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत से बाहर निकलने के तुरंत बाद निकम ने बताया कि वहां पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। हम तीन से छह महीने के भीतर मुकदमे की सुनवाई समाप्त करने का प्रयास करेंगे।
निकम ने बताया कि कसाब को आरोप पत्र की प्रति दे दी गई है। मामले की सुनवाई की अगली तारीख 19 मार्च तय की गई है।
उन्होंने बताया कि कसाब को भारतीय दंड संहिता, आर्म्स एक्ट,विस्फोटक कानून, आतंकवादी कानूून, कस्टम कानून और अन्य कई कानूनों की विभिन्न धाराओं में आरोपी बनाया गया है।
विधि अधिकारी ने न्यायाधीश एम.जे.मिर्जा के सामने एक आवेदन देकर मामले की महत्ता और अपराध की गंभीरता के कारण और जांच की आवश्यकता के मद्देनजर एक पूरक आरोप पत्र दाखिल करने की अनुमति मांगी। न्यायाधीश ने इस पर सहमति दे दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications