दिल्ली में कोयला व बिजली मार्च आयोजित करेगी भाजपा
यह फैसला बुधवार को लाल परेड मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मेलन में लिया गया।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अवसर पर केन्द्र सरकार पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने प्रदेश में बिजली संकट के लिए सीधे तौर पर केन्द्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश को केन्द्र से मिलने वाली बिजली के कोटे में कटौती की गई है साथ ही कोयले से चलने वाले बिजलीघरों के लिए जरूरी कोयला नहीं दिया जा रहा है। इस कारण कि प्रदेश में बिजली संकट गहराता जा रहा है। प्रदेश की स्थिति से प्रधानमंत्री को कई बार अवगत कराने के बाद भी बात नहीं बनी है।
मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों कोयले के लिए की गई न्याय यात्रा का हवाला दिया और साथ ही अपनी आगामी रणनीति का खुलासा भी किया। उन्होंने कहा कि अब वे प्रदेश की समस्या को लेकर दिल्ली में दो मार्च को कोयला व बिजली मार्च करेंगे।
इस मार्च में प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक सभी शामिल होंगे। उन्होंने महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं से अपील की कि प्रदेश के हिस्से का कोयला और बिजली मांगने के लिए वे पोस्टकार्ड अभियान चलाए।
मध्य प्रदेश का प्रभारी बनने के बाद प्रथम प्रदेश आगमन पर सुषमा स्वराज ने महिलाओं का आह्वान किया कि उन्हें अपने नजरिए बदलाव लाना चाहिए। ऐसा होने पर ही महिलाएं अपने हक को हासिल कर सकती हैं।
स्वराज ने कहा कि महिलाओं में राजनीतिक चेतना तो आ गई है, लेकिन अब जरूरत इस बात की है कि वे योजनाओं का लाभ हासिल करने के लिए आगे आएं।
इस सम्मेलन को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष किरण माहेश्वरी व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने भी संबोधित किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।