श्रीलंका: युद्ध रोकने की अंतरराष्ट्रीय अपील

यूरोपीय यूनियन ने कहा है कि दोनों पक्षों को श्रीलंका के उत्तरी क्षेत्र में तमिल विद्रोहियों के कब्ज़े वाले युद्ध क्षेत्र से आम नागरिकों को बाहर जाने देना चाहिए.
संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय युद्ध क्षेत्र से आम नागरिकों को निकालने के लिए संघर्षविराम का ज़ोरशोर से समर्थन करेगा.
'हथियार नहीं डालेंगे'
सोमवार को श्रीलंका में तमिल विद्रोहियों ने संयुक्त राष्ट्र से कहा था कि वो सरकारी सैनिकों के साथ संघर्षविराम की अंतरराष्ट्रीय अपील मानने को तैयार हैं लेकिन हथियार त्यागने के लिए तैयार नहीं है.
श्रीलंका की सरकार की यह शर्त है कि पहले तमिल विद्रोही हथियार डालें.
तमिल विद्रोहियों का संगठन एलटीटीई संघर्षविराम के लिए हथियार डालने की शर्त मानने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं हैं.
कुछ वर्षों को छोड़, पिछले दो दशकों से ज़्यादा समय से दोनों पक्षों के बीच संघर्ष चलता रहा है.
हाल में श्रीलंका की सेना ने एलटीटीई को उसके गढ़ माने जाने वाले अनेक इलाक़ों से खदेड़ दिया है. अब एलटीटीई का नियंत्रण उत्तरी श्रीलंका के छोटे से क्षेत्र में सीमित है.


Click it and Unblock the Notifications