आठ बच्चों का 'पिता' चाहता है डीएनए टेस्ट
डेनिस ब्यूदोइन ने एबीसी न्यूज़ को बताया कि उसने अपनी पूर्व प्रेमिका नादिया सुलेमान को तीन बार शुक्राणु दान किए हैं.
उन्होंने बच्चों के डीएनए के माध्यम से पितृत्व परीक्षण कराने का आग्रह किया है और कहा है कि वह बच्चों के पालन-पोषण में सुलेमान की मदद करेंगे चाहे इसका परिणाम कुछ भी हो.
एबीसी ने बताया कि सुलेमान ने इससे इनकार किया है कि डेनिस बच्चों के पिता हैं लेकिन वह पितृत्व परीक्षण करवाने को तैयार हो गई हैं.
डेनिस ने एबीसी को बताया कि अंडाशय का कैंसर होने की वजह से सुलेमान बच्चे पैदा करने में असमर्थ थीं इसलिए उसने उनसे शुक्राणु दान करने के लिए कहा था.
उन्होंने कहा कि उसकी माँग आसान नहीं थी लेकिन फिर भी वे इसलिए तैयार हो गए क्योंकि वे नादिया की बहुत परवाह करते थे.
डेनिय ब्यूदोइन ने कहा कि जब उन्हें यह पता लगा कि सुलेमान ने 26 जनवरी को आठ बच्चों को जन्म दिया है और नादिया इस बात से इनकार कर रही हैं कि वे इसके पिता हैं तो उन्हें आश्चर्य भी हुआ और सदमा भी लगा.
विवाद
उन्होंने कहा कि उन्हें सुलेमान की इस बात पर भरोसा नहीं है कि वह उन बच्चों का पिता नहीं है.
कृत्रिम रूप से 14 बच्चों के लिए गर्भधारण की आलोचना भी हुई है
उन्होंने कहा, "ऐसा प्रतीत होता है कि उसके ज़्यादातर बयान सही नहीं हैं. उसने शुरू में मुझे यही बताया था कि वह माँ नहीं बन सकती इसीलिए वह शुक्राणु लेकर गर्भधारण करना चाहती है और इसका परिणाम यह हुआ."
समय से नौ महीने पहले जन्मे आठ स्वस्थ बच्चों को दुनिया में आश्चर्य माना गया.
लेकिन यह पता लगने के बाद जनता और मीडिया का रुख बदल गया कि सुलेमान पहले ही छह बच्चों की माँ है और सरकारी सहायता लेकर अपने माता-पिता के छोटे से घर में रहती हैं.
सभी 14 बच्चों के जन्म के लिए कृत्रिम उपाय यानी आईवीएफ़ अपनाने को लेकर भी विवाद उत्पन्न हुआ.
सवाल उठा कि दूसरी बार गर्भधारण कराते वक्त स्वास्थ्य संगठन के मानदंडों का ध्यान रखा गया था या नहीं.
अमरीका में कृत्रिम प्रजनन केंद्रों के संगठन के तय मानदंडों के हिसाब से नादिया सुलेमान की उम्र की महिलाओं के गर्भ में दो से अधिक भ्रूण प्रतिरोपित नहीं किए जाते.
सुलेमान ने अमरीका के मीडिया को बताया था कि वह एक बड़ा परिवार चाहती थीं क्योंकि बचपन में अकेले होने के दर्द को वह जानती हैं.
डेनिस ब्यूदोइन ने कहा कि इसके बारे में नादिया ने कभी बात नहीं कि वह एक बड़ा परिवार चाहती है. उसने बस यही कहा कि वह बच्चा चाहती है क्योंकि वह गर्भवती होने में समर्थ नहीं है.
उन्होंने कहा कि परीक्षण से वह बच्चों के पिता साबित हों या न हों, अगर सुलेमान चाहेंगीं तो वह मदद के लिए अपना हाथ आगे ज़रूर बढ़ाएंगे.


Click it and Unblock the Notifications