'क़ैदियों को रखने की प्रक्रिया में ढील दें'

अमरीका के रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी एडमिरल पैट्रिक वाल्श ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि क़ैदियों को आपस में मिलने जुलने की अनुमति और मनोरंजन की सुविधा होनी चाहिए.
इस शिविर को राष्ट्रपति ओबामा ने एक साल के भीतर बंद करने को कहा है.
रिपोर्ट का कहना है कि ग्वांतानामो बे के क़ैदियों को ज़्यादा मिलने जुलने की ज़रूरत है ताकि वहाँ मानवीय स्थितियाँ कायम हो सकें.
रिपोर्ट के अनुसार ग्वांतानामों में जेनेवा संधि के तहत तय मानदंडों के अनुरूप सुविधाएँ हैं लेकन उन्हें वहाँ सुरक्षाकर्मियों की ओर से दुर्व्यवहार के 14 आरोपों सबूत भी मिले हैं.
एक क़ैदी की रिहाई
उधर अमरीका के नए एटॉर्नी जनरल एरिक होल्डर ने क़ैदियों के हालात का जायज़ा लेने के लिए ग्वांतानामो बे का दौरा किया.
उनका यह दौरा राष्ट्रपति ओबामा के आदेश के अनुसार एक साल के भीतर इस शिविर को बंद करने की कानूनी अड़चनों को दूर किए जाने की राह में पहला क़दम है.
इस बंदीगृह में क़रीब 250 क़ैदी रखे गए हैं. इनमें से ज़्यादातर ऐसे हैं जिन के ख़िलाफ़ आरोप दायर नहीं किए गए हैं.
इनमें से एक क़ैदी ब्रिटेन के निवासी बिनयाम मोहम्मद भी थे जो शिविर से छूटकर सोमवार को ब्रिटेन वापस पहुँच गए हैं.
इथियोपिया में जन्मे और ब्रिटेन में रहने वाले 30 वर्षीय मोहम्मद को चार साल तक ग्वांतानामो में क़ैद रखा गया था. उन्होंने कहा कि उन्हें वहाँ प्रताड़ित किया गया.
वे बराक ओबामा के राष्ट्रपति पद ग्रहण करने के बाद ग्वांतानामो से रिहा हुए पहले क़ैदी हैं.


Click it and Unblock the Notifications