मप्र के दस्तकारों और विदेशी खरीदारों का इंदौर में मेला
भोपाल, 24 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के हस्तशिल्प और हथकरघा वस्त्रों को विश्व के बाजार तक पहुंचाने के मकसद से इंदौर में दो दिवसीय (28 फरवरी व एक मार्च) 'रिवर्स बायर सेलर्स मीट' का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय आयोजन में मध्य प्रदेश के हस्तशिल्प और हथकरघा वस्त्रों के उस्ताद तथा दुनियाभर के खरीदार एक स्थान पर जुटेंगे।
उम्मीद जताई जा रही है कि इस आयोजन के जरिए प्रदेश के दस्तकारों-शिल्पकारों को कई करोड़ के आर्डर मिल सकते हैं।
प्रदेश के उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने संवाददाताओं को बताया कि इस आयोजन का मकसद प्रदेश की शिल्प और वस्त्र परंपरा को अंतर्राष्ट्रीय निर्यातकों के सामने लाना है।
उद्योग मंत्री के मुताबिक अर्जेन्टीना, अमेरिका, ब्रिटेन, पुर्तगाल, पोलैंड, जर्मनी, स्पेन, हंगरी, इटली, फ्रांस सहित 30 विदेशी व्यवसायी इस दो दिवसीय आयोजन में शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा ऐसे निर्यातक और डीलर भी आ रहे हैं जो हस्तशिल्प व हथकरघा वस्त्रों का विदेशों में निर्यात करते हैं।
इस मेले में प्रदेश की चंदेरी, महेश्वरी, बाघ प्रिंट्स, वारा सिवनी के सूती वस्त्रों, चमड़े के खिलौनों, जूट के उत्पाद, छतरपुर के फर्नीचर, बॉस के फर्नीचर, ग्वालियर के गलीचों तथा पत्थर की कलाकृतियों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
उद्योग मंत्री बताते हैं कि आयोजन स्थल पर तमाम क्षेत्रों के उस्ताद अपनी कला का भी प्रदर्शन करेंगे, जिससे निर्यातक और विदेशी खरीदार यहां की कला की बारीकी को आसानी से समझ सकेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications