पाक से बातचीत तभी होगी जब वह आतंकवाद के खिलाफ अधिक काम करे : भारत
विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने दोनों देशों के बीच रूकी हुई शांति वार्ता को आरंभ करने के बारे में संवाददाताओं द्वारा पूछे जाने पर कहा कि हमें उम्मीद है कि समग्र वार्ता पुन: शुरू करने के लिए पाकिस्तान अपने यहां आतंकवादी ढांचे को नष्ट करने के संबंध में और अधिक कार्रवाई करेगा।
मुंबई हमले में अपने नागरिकों के शामिल होने को स्वीकार करने के बाद पाकिस्तान के नेता मीडिया साक्षात्कारों में भारत से पांचवें दौर की वार्ता आरंभ करने को कह चुके हैं।
सोमवार को विदेश सचिव शिवशंकर मेनन से मुलाकात करने वाले पाकिस्तानी उच्चायुक्त शाहिद मलिक ने भी मुंबई हमले के बाद रूकी हुई समग्र वार्ता को आरंभ करने का मुद्दा उठाया।
भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि वार्ता प्रक्रिया का आरंभ केवल तभी किया जाएगा जब मुंबई के हमलावरों के खिलाफ पाकिस्तान विश्वसनीय और पुख्ता कार्रवाई करेगा।
उधर पाकिस्तान मुंबई पर आतंकवादी हमला करने वालों और उनके आकाओं के बीच वार्ता की आडियो रिकार्डिग सहित और अधिक ब्योरों की मांग कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications