'स्थायी संघर्षविराम पर फ़ैसला नहीं लिया'

तालेबान ने कहा है कि स्वात घाटी में अस्थायी संघर्ष विराम को स्थायी बनाया जाए या नहीं, इस बारे में घोषणा अगले कुछ दिनों में की जाएगी.
हालाँकि तालेबान के इस बयान से कुछ घंटे पहले ही पाकिस्तान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा था तालेबान स्थायी संघर्ष विराम पर सहमत हो गया है.
तालेबान के प्रवक्ता मुस्लिम ख़ान ने बीबीसी को बताया कि वे इस बात की समीक्षा कर रहे हैं कि शरिया क़ानून लागू करने के फ़ैसले पर सरकार किस तरह अमल कर रही है.
उन्होंने कहा कि समीक्षा का काम पूरा होने के बाद ही संघर्ष विराम को स्थायी बनाने के बारे में कोई फ़ैसला किया जाएगा. एक सप्ताह पहले ही स्वात घाटी में शरिया क़ानून लागू करने के लिए सरकार और तालेबान के बीच समझौता हुआ था.
आधिकारिक दावा
तालेबान के बयान से पहले स्वात घाटी में मालाकंड के कमिश्नर सैयद मोहम्मद जावेद ने कहा था कि स्थायी संघर्ष विराम पर सहमति बन गई है.
उनका कहना था कि स्थानीय तालेबान नेताओं और वरिष्ठ नेता मौलाना सूफ़ी मोहम्मद के बीच बातचीत के बाद स्थायी संघर्षविराम के लिए सहमति हुई.
तालेबान ने फिलहाल अस्थायी संघर्षविराम की घोषणा की है जो दस दिनों के लिए है. एक समय पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रही स्वात घाटी का ज़्यादातर नियंत्रण तालेबान के हाथ में है.
वर्ष 2007 से इस इलाक़े में तालेबान के विद्रोह के कारण हज़ारों लोग पलायन कर चुके हैं और बड़ी संख्या में स्कूलों को भी नष्ट कर दिया गया है.
स्थायी संघर्षविराम के बारे में पत्रकारों को जानकारी देते हुए मोहम्मद जावेद ने कहा, "उन्होंने ये प्रतिबद्धता जताई है कि स्थायी संघर्षविराम हो रहा है और हम भी ऐसा ही करेंगे."


Click it and Unblock the Notifications