लिट्टे ने कोलंबो पर बम गिराया, विमान को मार गिराया गया (लीड-3)
कोलंबो, 20 फरवरी (आईएएनएस)। लिट्टे के दो विमानों ने श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में शुक्रवार की रात बमबारी की। लेकिन बम गिराने के बाद देश के उत्तर दिशा में लौट रहे एक विमान को मार गिराया गया। यह जानकारी सैन्य अधिकारियों ने दी।
फिलहाल जानमाल के नुकसान के बारे में कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के दो विमानों ने राजस्व विभाग के मुख्यालय पर कम से कम एक बम गिराया।
श्रीलंकाई वायुसेना का मुख्यालय घटनास्थल के पास ही है। कुछ सैन्य अधिकारियों के अनुसार संभवत: वायुसेना मुख्यालय को निशाना बनाने का इरादा था।
माना जा रहा है कि चेक निर्मित इन हल्के विमानों ने वान्नी के उत्तरी इलाके में स्थित किसी अज्ञात हवाई पट्टी से उड़ान भरा था।
सैन्य अधिकारियों ने आईएएनएस को बताया कि उस क्षेत्र के सैनिकों ने कोलंबो को तत्काल सूचित किया और राजधानी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया और शहर की बत्तियां बुझा दी गईं।
वायुसेना के प्रवक्ता विंग कमांडर जनक ननयाक्करा ने आईएएनएस को बताया, "लिट्टे के दो विमानों ने कोलंबो के आकाश में प्रवेश किया।"
हमला करने के बाद जब ये विमान श्रीलंका के उत्तर पश्चिम तट से होकर लौट रहे थे, उसी दौरान उनमें से एक विमान को काटुनायके में स्थित श्रीलंका के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास मार गिराया गया।
अधिकारियों के अनुसार विमान का मलबा बरामद किया जा चुका है।
यह पहली ऐसी घटना है जब श्रीलंकाई सेना लिट्टे के किसी विमान को मार गिराने में सफल हो पाई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।