मोदी ने राहुल पर निशाना साधा तो कांग्रेस ने भाजपा को जनविरोधी बताया (लीड-1)
मोदी ने सूरत में कहा, "कुछ लोग दिल्ली से यहां आकर टाटा की नैनो परियोजना के बारे में बगैर कुछ जाने हमें सलाह देते हैं।"
मोदी, कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी द्वारा की गई गुजरात सरकार की आलोचना पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे।
ज्ञात हो कि राहुल गांधी ने अपने गुजरात दौरे के दौरान 14 फरवरी को सूरत में कहा था कि मोदी सरकार ने पश्चिम बंगाल से टाटा की नैनो कार परियोजना को साणंद में लाने के लिए टाटा को विशेष लाभ दिया।
मोदी के बयान के जवाब में कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने नई दिल्ली में कहा कि भाजपा की मूल दिक्कत उसकी विचारधारा के साथ है। वह उद्योगपतियों की समर्थक है। आम जनता की उसे जरा भी चिंता नहीं है।
सिंह ने कहा, "मोदी ने मध्यम व छोटे दर्जे के उद्योगों के लिए कुछ भी नहीं किया।"
उधर मोदी ने हीरा तराशी की इकाइयों में काम करने वाले मजदूरों के लिए कुछ न करने पर कांग्रेस के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया।
भारत में ज्यादातर हीरा तराशी की इकाइयां सूरत में हैं। आर्थिक मंदी के कारण इन इकाइयों में काम करने वाले तमाम मजदूर बेरोजगार हो गए हैं।
मोदी ने कहा, "ऐसे समय में जब हीरा उद्योग से जुड़े मजदूरों के लिए वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध कराने का समय है तो केंद्र सरकार राजनीति कर रही है। मेरी सरकार ने पहले ही वैट में रियायत दे दी है। इसके अलावा राज्य सरकार कनाडा के हीरा व्यापारियों के संपर्क में है ताकि मजदूरों को कुछ काम मिल सके।"
मोदी ने केंद्र सरकार पर गुजरात के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications