कोलंबो में विमानों का मलबा जब्त, लिट्टे ने बताया अपना आत्मघाती हमला (लीड-2)
श्रीलंकाई वायु सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि एक विमान का मलबा काटुनायका में वायु सेना के एक ठिकाने के निकट से और दूसरे विमान का मलबा एक क्षतिग्रस्त सरकारी इमारत से बरामद किया गया।
उधर, लिट्टे ने कोलंबो में शुक्रवार रात हुए हवाई हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा है कि यह उसका आत्मघाती मिशन था।
लिट्टे ने दावा किया कि आत्मघाती दस्ते के दो विद्रोहियों ने दो विमानों के जरिए कोलंबों में श्रीलंका के राजस्व विभाग के मुख्यालयों पर हमला किया। तमिल विद्रोहियों की ओर से यह भी दावा किया गया है कि उनके निशाने पर श्रीलंकाई वायु सेना के हवाई ठिकाने थे।
लिट्टे समर्थक वेबसाइट 'तमिलनेट डॉट कॉम' के मुताबिक हमले पूरी तरह सफल रहे। हालांकि श्रीलंका के रक्षा विभाग ने कहा है कि तुरंत कार्रवाई करने की वजह से तमिल विद्रोही अपने निशाने से चूक गए।
सेना के प्रवक्ता उदया नानयक्कारा ने आईएएनएस से कहा, "यह समझ से परे है कि उन्होंने क्यों राजस्व विभाग के परिसर को निशाना बनाया। विमान भेदी हथियारों से की गई गोलबारी की वजह से लिट्टे एक बार फिर अपने निशाने से चूक गया।"
गौरतलब है कि लिट्टे के दोनों विमानों ने कोलंबो में शुक्रवार रात बमबारी की थी जिनमें दो लोगों की मौत हो गई और कम से कम 53 घायल हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications