मंदी से अप्रभावित हैं पंजाब के पर्यटक
चंडीगढ़, 21 फरवरी (आईएएनएस)। पंजाब के पर्यटन उद्योग पर वैश्विक आर्थिक मंदी का कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है और राज्य के हजारों पर्यटक अनेक स्थानों पर छुट्टियां बिताने जा रहे हैं।
अनेक देशी और विदेशी ट्रैवेल एजेंट यहां होने जा रहे इंडिया ट्रैवेल मार्ट में हिस्सा लेने आ रहे हैं ताकि इस परिस्थिति का लाभ उठा सकें और पंजाब के पर्यटकों को आकर्षित कर सकें।
21 से 23 फरवरी तक आयोजित हो रही तीन दिवसीय इंडिया ट्रैवेल मार्ट के प्रबंध निदेशक अजय गुप्ता ने आईएएनएस से कहा, "पंजाब हमेशा से ट्रैवेल एजेंटों के लिए बड़ा बाजार रहा है और मंदी के बावजूद हमने इस क्षेत्र से जाने वाले पर्यटकों की संख्या में कोई कमी नहीं देखी है।"
उन्होंने बताया कि राज्य के लोग पर्यटन यात्राओं पर देश में जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और गोवा तथा विदेश में यूरोप और अन्य दक्षिण एशियाई देशों की यात्रा पर जाना अधिक पसंद करते हैं।
गुप्ता ने बताया कि इंडिया ट्रैवेल मार्ट का आयोजन पिछले 12 वर्षों के दौरान देश के आठ अलग-अलग शहरों में किया जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications