विमान में झटकों से 47 लोग ज़ख़्मी

घटना उस वक़्त घटी जब विमान टोक्यो पहुँचने वाला था, विमान को टोक्यो में रुकने के बाद अमरीकी शहर लॉस एंजेलेस जाना था.
डरे हुए मुसाफ़िरों ने बताया कि जिन्होंने सीट बेल्ट नहीं बाँध रखी थी वो कैसे विमान के छत तक उछल गए.
नोर्थवेस्ट एयरलाइन के अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में छह लोग बुरी तरह से घायल हैं. सभी 47 घायलों को छह विभिन्न अस्पतालों में पहुँचाया जा चुका है.
मुसाफ़िर उड़ने लगे
मैं इस क़दर डर गया कि मुझे लगा कि मैं मर गया एक मुसाफ़िर
| |
एयरलाइन के प्रवक्ता का कहना है कि जब विमान टोक्यो के पूरब में चिबा तट का चक्कर मार रहा था कि ये घटना घटी.
घटना के समय विमान में 400 मुसाफ़िर और चालक दल के 14 सदस्य सवार थे.
अधिकारियों ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया कि छह लोगों को अगले तीन हफ़्तों तक चिकित्सा की ज़रूरत पड़ेगी जबकि बाक़ी 41 लोगों को मामूली चोटें आई हैं.
एक मुसाफ़िर ने असाही टीवी नेटवर्क को बताया, "विमान अचानक दाएं-बाएं होने लगा, जिससे मुसाफ़िर उड़ने लगे."
एयरलाइन के प्रवक्ता का कहना है कि लैंडिंग से 20-25 मिनट पहले ये घटना उस समय घटी जब सीट बेल्ट बाँधने की बत्ती जल रही थी.
उनका कहना था, "उडा़न के दौरान विमान चालक के ज़रिए ये सूचना मिली की दो या तीन मुसाफ़िर घायल हो गए हैं, लेकिन चालक ने समझा कि आपात लैंडिंग की जरूरत नहीं है."
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिन लोगों ने सीट बेल्ट नहीं बाँधे थे वो विमान की छत तक उछल गए.
एक मुसाफ़िर का कहना था, "मैं इस क़दर डर गया कि मुझे लगा कि मैं मर गया."
उनका कहना था, "विमान ने जब़र्दस्त झटके लिए और मेरा पूरा शरीर केबिन के अंदर हवा में उछल गया. हर कोई चिल्ला रहा था."
एक दूसरे मुसाफ़िर का कहना था, "मेरे सामने वाले विमान की छत तक उछल गए, जबकि मेरे पीछे वाले गिर गए और लगा कि वो बेहोश हो गए हैं."


Click it and Unblock the Notifications