मुंबई हमला: एफ़बीआई ने दिए सबूत

मुंबई पुलिस की एक टीम ने वॉशिंगटन जाकर अमरीकी जाँच एजेंसी एफ़बीआई से मुंबई हमलों से जुड़े कई अहम सबूत हासिल किए हैं. इसमें वो सबूत भी शामिल हैं जिनसे साबित होता हो कि मुंबई हमलों की योजना पाकिस्तान में बनाई गई और इसमें पाकिस्तान के ही लोग शामिल थे.
हालांकि अधिकारी इस बारे में कोई अधिकृत जानकारी नहीं दे रहे हैं लेकिन माना जा रहा है कि एफ़बीआई ने वो सबूत भी मुंबई पुलिस को दिए हैं जो उसने पाकिस्तान जाकर एकत्रित किए हैं.
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष नवंबर में हुए मुंबई के चरमपंथी हमलों में अमरीकी नागरिकों के भी मारे जाने के बाद एफ़बीआई के अधिकारियों ने इन हमलों की ख़ुद भी जाँच की है.
अहम सबूत
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार मुंबई के उप पुलिस महानिरीक्षक देवेन भारती के नेतृत्व में तीन सदस्यीय दल वॉशिंगटन गया था.
मुंबई की अदालत और भारतीय विदेश मंत्रालय ने अमरीका के विधि विभाग को एक अनुरोध पत्र भेजकर मुंबई हमले से जुड़े सबूत उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया था.
मुंबई पुलिस की इस टीम को वॉइस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल (वीओआईपी) के रिकॉर्ड और चरमपंथियों के सेटेलाइट फ़ोन के रिकॉर्ड के अलावा ईमेल के विवरण आदि हासिल किए हैं.
इसके अतिरिक्त इस दल को उन गोलियों की फ़ोरेंसिक जाँच रिपोर्ट भी दी गई है जिसका उपयोग चरमपंथियों ने हमलों के दौरान किया था.
एजेंसी का कहना है कि एफ़बीआई ने मुंबई पुलिस के अधिकारियों को ऐसे कई सबूत भी सौंपे हैं जिससे चरमपंथियों का पाकिस्तान के साथ रिश्ता साबित होता हो.
मुंबई पुलिस का दल ये सबूत लेकर वॉशिंगटन से वापस रवाना हो चुका है.
वॉशिंगटन में बीबीसी संवाददाता ब्रजेश उपाध्याय का कहना है कि मुंबई पुलिस के वॉशिंगटन दौरे के बारे में भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने ज़्यादा जानकारी नहीं दी है.


Click it and Unblock the Notifications