पाकिस्तान में आत्मघाती बम विस्फोट में 32 मरे (लीड-5)
विस्फोट अशांत माने जाने वाले पश्चिमोत्तर पाकिस्तान केडेरा इस्माइल खान इलाके में शोबरा होटल के समीप जनाजे की नमाज के दौरान हुआ।
विस्फोट के बाद पूरे इलाके में हिंसा फैल गई है। उग्र लोगों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
शहर के मुख्य प्रशासक सैयद मोहसिन शाह ने कहा कि शहर में कर्फ्यू लागू कर दिया है और सेना को बुला लिया गया है। उन्होंने लोगों से शांति की अपील की है।
शाह ने कहा कि यह आत्मघाती हमला हो सकता है। उन्होंने कहा कि शहर में दंगे को रोकने के लिए उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने का आदेश दे दिया गया है।
जनाजे की नमाज गुरुवार को मारे गए एक स्थानीय धार्मिक नेता शेर जमां के लिए अदा की जा रही थी, जिसमें 1,500 से अधिक लोग हिस्सा ले रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट के तुरंत बाद इलाके के सभी दुकानों को बंद करा दिया गया। इलाके में दहशत का माहौल है।
स्थानीय अस्पताल के एक अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि 32 शव अस्पताल तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में घायलों का इलाज किया जा रहा है। घायलों में कई हालत गंभीर है।
इस बीच राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने घटना की निंदा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications