स्वात समझौते से भारत चिंतित, पाक ने शांति से जुड़ा बताया
नई दिल्ली/इस्लामाबाद, 20 फरवरी (आईएएनएस)। जहां एक तरफ भारत ने स्वात घाटी को लेकर पाकिस्तान व तालिबान के बीच हुए समझौते को चिंताजनक बताया, वहीं पाकिस्तान ने इसे शांति से जुड़ा एक समझौता बताया।
रक्षा मंत्री ए.के.एंटनी ने शुक्रवार को दिल्ली में संवाददाताओं को बताया, "26 नवंबर को किए गए मुंबई हमले के बाद से हम सुरक्षा परिदृश्य को लेकर बहुत चिंतित हैं। इस बीच यह समझौता हमारी चिंताओं को और बढ़ाता है।"
उधर पाकिस्तान ने इस समझौते का वकालत किया है। पाकिस्तान ने कहा है कि यह तालिबान नियंत्रित स्वात घाटी में शांति स्थापना के मुद्दे से जुड़ा हुआ है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल बासित ने अपने साप्ताहिक संवादाता सम्मेलन में कहा, "शांति, सुरक्षा व स्थायित्व पाकिस्तान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं और इन्हें हासिल करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।"
प्रवक्ता के अनुसार निजाम-ए-अद्ल एक न्याय प्रणाली है, जो शांति व सौहार्द की स्थापना से जुड़ी हुई है।
बासित का बयान ऐसे समय में आया है, जब पाकिस्तान व अफगानिस्तान के लिए विशेष अमेरिकी दूत रिचर्ड हॉलब्रुक ने कहा कि स्वात समझौते को लेकर अमेरिका भ्रमित व परेशान है।
इस बीच खबर है कि विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के वाशिंगटन दौरे के दौरान स्वात समझौता एजेंडे में सबसे ऊपर होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications