मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज की न्याय यात्रा 21 से
न्याय यात्रा की तैयारियों के सिलसिले में प्रदेश के सह संगठन मंत्री भगवत शरण माथुर और यात्रा प्रभारी प्रदेश मंत्री रामेश्वर शर्मा ने कार्यकर्ताओं से चर्चा की। शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की द्वेष पूर्ण नीति के कारण प्रदेश के मुख्यमंत्री को न्याय यात्रा के लिए विवश होना पड़ा है। यह यात्रा प्रदेश की साढे छह करोड़ जनता के हक की लड़ाई के लिए निकाली जा रही है।
यात्रा का ब्योरा देते हुए शर्मा ने बताया कि दो दिवसीय न्याय यात्रा की शुरुआत 21 फरवरी को प्रात: 10 बजे भाजपा के प्रदेश कार्यालय दीन दयाल परिसर से होगी। पहले दिन मुख्यमंत्री मंडीदीप, औबेदुल्ला गंज, बुधनी, होशंगाबाद और इटारसी में जन सभाओं को संबोधित करेंगे। यात्रा का रात्रि विश्राम इटारसी में होगा। 22 फरवरी को शाहपुर, चौपल और सारणी में जनसभाएं होंगी। उसके बाद मुख्यमंत्री सारणी बिजलीघर से कोयला खदान पाथाखेडा तक पदयात्रा करेंगे।
भाजना नेता ने कहा है कि प्रदेश के ताप बिजली घरों को चलाने के लिए कोयले की जरूरत है मगर केंद्र सरकार मध्य प्रदेश से निकलने वाले कोयले को ही देने में आनाकानी कर रही है और दूसरे देशों से कोयला मंगाने की सलाह दे रही है। केन्द्र सरकार का यह रवैया प्रदेश की जनता के हक का हनन है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications