मुलायम ने मायावती को देश का सबसे भ्रष्ट और कल्याण को जमीनी नेता बताया
लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मुलायम सिंह ने आरोप लगाया कि जनता के पैसे से मायावती पत्थरों के स्मारक बनवा रही हैं।
यादव ने कहा कि वह इस बात को लेकर आहत हैं कि मायावती करदाताओं से आने वाले दस हजार करोड़ रुपये को गुलाबी पत्थरों और अंबेडकर की मूर्तियों पर खर्च कर रही हैं।
कल्याण सिंह की तारीफ में यादव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और कल्याण सिंह ही भाजपा के जमीनी नेता रहे हैं। वाजपेयी के बाद कल्याण सिंह को ही आम आदमी की नब्ज की परख है।
यादव ने कहा कि कल्याण सिंह का गरीबों, किसानों और पिछड़ों के बीच खासा प्रभाव है। इसका इस्तेमाल वह भाजपा का नाश करने और सपा को बढ़ाने में करेंगे।
कल्याण सिंह को लेकर आजम खान की नाराजगी पर यादव ने कहा कि कल्याण सिंह सपा मे शामिल नहीं हुए हैं। उन्होंने निर्दलीय रहने का फैसला किया है।
सपा नेता ने कहा कि आगामी लोक सभा चुनाव में कल्याण सिंह की दोस्ती का सपा को लाभ मिलेगा।
आजम खान के मामले में सपा प्रमुख ने कहा कि यह उनकी पार्टी का अंदरूनी मामला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications