मप्र में भोजपुर के शिव मंदिर में गूंजेंगी स्वर लहरियां
भोपाल, 20 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के प्रमुख ऐतिहासिक स्थल भोजपुर शिव मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि के मौके पर तीन दिन तक स्वर लहरियां गूंजेंगी। इस मौके पर शिव विवाह से लेकर ब्रज की होली का रंग भी जीवंत हो उठेगा।
तीन दिवसीय इस भोजपुर उत्सव में भजन गायिका शेवान्ति सान्याल व नृत्यांगना सुधा चंद्रन सहित अनेक राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
प्रदेश के संस्कृति एवं जनसंपर्क मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने भोजपुर उत्सव की जानकारी देते हुए बताया कि इस उत्सव का उद्घाटन 23 फरवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। पहले दिन उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से संबद्ध पंडित संतोष पंडया तथा उनके दल द्वारा वैदिक प्रस्तुति होगी। इसके अतिरिक्त बुंदेलखंड का बधाई नृत्य, सागर की नृत्यांगना शाम्भवी शुक्ल व बनारस घराने के छन्नूलाल मिश्र की प्रस्तुति होगी।
उत्सव के दूसरे दिन भजन गायिका शेवन्ति सान्याल व राजेन्द्र काचरू भजन प्रस्तुत करेंगे। वहीं सिने तारिका व नृत्यांगना सुधा चंद्रन का नृत्य होगा। सुधा चंद्रन ने नाचे मयूरी सहित कई फिल्मों में अभिनय किया है। उत्सव के अंतिम दिन 25 फरवरी को संगीता मिश्र का कथक नृत्य और ब्रज की होली भी दर्शकों को देखने को मिलेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।