सात शादियां रचाने वाला 50 वर्षीय व्यक्ति पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किया गया व्यक्ति अब तक सफलतापूर्वक सात युवतियों को झांसा देकर शादी रचा चुका है लेकिन सातवीं पत्नी की शिकायत पर उसे जेल की हवा खानी पड़ी।
सेक्टर-19 थाना के प्रभारी रामगोपाल ने आईएएनएस को बताया, "हमें गुरुवार को सरकारी महकमे में कार्यरत एक महिला से शिकायत मिली कि उसका पति ओमप्रकाश शर्मा अब तक सात शादियां कर चुका है। महिला ने बताया कि शादी करने से पहले शर्मा ने अपनी पूर्व शादियों के बारे में कुछ नहीं बताया। महिला की शिकायत पर उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है।"
पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने समाचार पत्रों में प्रकाशित होने वाले वैवाहिक विज्ञापनों के जरिए शर्मा के साथ संपर्क किया था। इस साल जनवरी में जब वह पहली बार शर्मा से मिली तब उसने बताया कि उसकी पहली पत्नी कई वर्ष पहले गुजर चुकी है और वह इस शहर में अकेले ही रहता है।
शर्मा की बात मानकर पीड़िता ने उसके साथ शादी कर ली लेकिन शादी के बाद वह लापता हो गया। पीड़िता ने जब उसके मोबाइल फोन पर संपर्क साधने की कोशिश की तो कई महिलाओं से उसकी बातचीत हुई, जो खुद को शर्मा की पत्नियां बता रही थीं।
उनमें से एक महिला ने पीड़िता को बताया कि शर्मा उसका पति और वह उसी के साथ सेक्टर-46 में रहती है। उक्त महिला के मुताबिक शर्मा की एक और पत्नी है, जो दिल्ली में रहती है और उससे उसके दो बच्चे भी हैं। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications