कश्मीर मेरे एजेंडे में नहीं: हॉलब्रुक
वाशिंगटन, 20 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लिए नियुक्त विशेष अमेरिकी दूत रिचर्ड हॉलब्रुक ने कहा है कि कश्मीर उनके मिशन का हिस्सा नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत और पाकिस्तान मिलकर आतंकवाद के समान खतरे का सामना करेंगे।
हॉलब्रुक ने पीबीएस टेलीविजन चैनल के साथ बातचीत में कहा, "मेरे मिशन में कश्मीर पर काम करना शामिल नहीं है।" उन्होंने यह बात कश्मीर मसले पर पूछे गए एक सवाल में जवाब में कही।
दक्षिण एशिया का दौरा करने के एक सप्ताह बाद हॉलब्रुक ने कहा, "भारत और पाकिस्तान की आजादी के 60 वर्षो बाद यह पहला मौका है जब अमेरिका, भारत और पाकिस्तान आतंकवाद से एक तरह के खतरे का सामना कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "अमेरिका में 11 सितंबर, 2001 की घटना को अंजाम देने वाले, मुंबई में हमला करने वाले और स्वात की घेराबंदी करने वाले सभी की जड़ें एक हैं और वे एक ही इलाके में मौजूद हैं।"
उन्होंने कहा कि मुंबई में हमला करने वाले आतंकवादियों का मकसद भारत और पाकिस्तान के बीच सुधरते संबंधों को बिगाड़ना था।
अमेरिकी दूत ने कहा, "हमें आशा है कि पिछले 60 वर्षो के दौरान कई बार युद्ध कर चुके भारत और पाकिस्तान अब आतंकवाद के खतरे को कम करने के लिए मिलकर काम करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications