लखनऊ में होगा उलेमाओं का प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश की राजधानी में होने वाला यह प्रदर्शन काफी बड़ा होने की संभावना है। इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए करीब आठ हजार मुसलमान दो विशेष ट्रेनों (उलेमा एक्सप्रेस) से गुरुवार को लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
बाटला हाउस मुठभेड़ की न्यायिक जांच की मांग को लेकर उलेमा काउंसिल ने इससे पहले दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया था। काउंसिल के लोग एक बार फिर एटीएस के मनमानी के विरोध के नाम पर लखनऊ के टीले वाली मस्जिद मैदान पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
उलेमा काउंसिल के संयोजक आमिर रशीद मदनी ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि आजमगढ़ से करीब आठ हजार लोग विशेष ट्रेनों से लखनऊ आयेंगे। इसके लिए दोनों ट्रेनों में बीस-बीस बोगियां बुक कराई गई हैं, जिसके लिए चार लाख रुपये दिए जा चुके हैं।
पहली ट्रेन आजमगढ़ से शाम साढ़े सात बजे और दूसरी ट्रेन साढ़े नौ बजे लखनऊ के लिए रवाना होगी। इसके अलावा बसों से भी लोग लखनऊ पहुचेंगे। मदनी ने कहा कि अगर प्रदर्शन करने से रोका गया तो सभी लोग गिरफ्तारियां देंगे।


Click it and Unblock the Notifications