एफबीआई ने मुंबई हमलों से जुड़े सबूत भारत को सौंपे
वाशिंगटन, 19 फरवरी (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस के अधिकारियों के एक दल को अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने कुछ महत्वपूर्ण सबूत सौंपे हैं जिनसे संकेत मिलते हैं कि मुंबई में गत 26 नवंबर को हुए आतंकवादी हमलों की योजना पाकिस्तान में बनाई गई थी।
मुंबई पुलिस के उप महानिरीक्षक देवेन भारती के नेतृत्व वाला तीन सदस्यीय भारतीय दल बुधवार को वापस मुंबई रवाना हो गया। उन्हें जो जानकारी मुहैया कराई गई है उसमें यह भी शामिल है कि किस तरह मुंबई के हमलावर, कराची स्थित लश्कर-ए-तैयबा के आकाओं के संपर्क में थे।
एफबीआई ने जो सबूत मुहैया कराए हैं उनमें वॉयस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल (वीओआईपी) और आतंकवादियों द्वारा प्रयोग में लाए गए ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम के दस्तावेज शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त मुंबई में हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई गोलियों की एफबीआई द्वारा की गई फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट भी इन सबूतों में शामिल हैं।
एफबीआई की ओर से उपलब्ध कराए गए यह सबूत पाकिस्तान के उन दावों को कमजोर करेंगे, जिनमें कहा गया था कि मुंबई हमलों का षड्यंत्र पाकिस्तान में नहीं रचा गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications