मुंबई हमलावरों के मंसूबो को भारत ने किया असफल : हॉलब्रुक
वाशिंगटन, 19 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लिए अमेरिका के विशेष राजदूत रिचर्ड हॉलब्रुक ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के सुधरते संबंधों को बिगाड़ने के मुंबई आतंकवादी हमले के सूत्रधारों के मंसूबों को भारत ने सफल नहीं होने दिया।
हॉलब्रुक ने पीबीएस समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा कि 26 नवंबर के हमले को बहुत शातिर और क्रूर हत्यारों ने अंजाम दिया। हमले को अंजाम देने वालों का उद्देश्य पाकिस्तान और भारत के सुधरते संबंधों को प्रभावित करना था लेकिन भारत उनके हाथों में नहीं खेला।
हॉलब्रुक ने कहा कि भारत ने संयम रखा और पाकिस्तान ने अपनी सेनाएं सीमा की ओर नहीं बढ़ाईं। पाकिस्तान को पश्चिमी सीमा पर ध्यान केंद्रित करने के लिए भारत से तनाव कम करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि अभी हाल के भारत दौरे में उन्होंने अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता लाने के संबंध में भारत के नेताओं के साथ बहुत अच्छा परामर्श किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications