'भारतीय प्रस्ताव को स्वीकार करने को श्रीलंका तैयार'
नई दिल्ली, 19 फरवरी (आईएएनएस)। भारत के तमिल टाइगरों से हथियार डालने को कहने के एक दिन बाद गुरुवार को श्रीलंका ने संघर्षग्रस्त इलाके से नागरिकों को निकालने में भारत की सहायता स्वीकार करने की इच्छा जताई है।
भारत में श्रीलंका के उच्चायुक्त सी.आर.जयासिंहे ने आईएएनएस से कहा कि नागरिकों की स्थिति श्रीलंका सरकार की सबसे बड़ी चिंता है। यह ऐसा मुद्दा है जिस पर हम भारत के साथ साझेदार हैं।
उच्चायुक्त ने कहा कि भारत ने नागरिकों को बाहर निकालने में रुचि का औपचारिक रूप से संकेत दिया है। श्रीलंका भारत जैसे मित्र देशों का साजो सामान का सहयोग लेने को तैयार है।
श्रीलंका ने यह स्पष्ट कर दिया कि ऐसे मामलों पर निर्णय जमीनी हकीकत पर निर्भर करता है।
उच्चायुक्त ने कहा कि नागरिकों को हटाने की किसी विस्तृत योजना को बाद में तैयार किया जाएगा। नागरिकों को सुरक्षित रूप से निकालने की सरकार की योजना में लिट्टे बाधाएं पैदा कर रहा है।
जयासिंहे ने बुधवार को संसद में विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी के बयान का स्वागत करते हुए कहा कि यह एक सकारात्मक बयान है। यह जमीनी हकीकत को दिखाता है। यह एक दूरदर्शी बयान है और आगे शांति और सुलह का रास्ता प्रदर्शित करता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications