मप्र में पुलिस अफसर के खिलाफ हत्या की साजिश का मामला दर्ज
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दतिया जिले के उनाव थाना क्षेत्र में बुधवार को हरेंद्र पंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हरेंद्र पंडा के भाई रवीन्द्र पंडा का आरोप है कि हरेंद्र की हत्या की साजिश दतिया में पदस्थ रहे पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) देवेंद्र छिरौलिया ने रची है। इसके पीछे उनका तर्क है कि रवींद्र एक मामले में गवाह है जिसमें छिरौलिया पर एक महिला से कथित छेड़छाड़ का आरोप है।
अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) क़े एस़ भदौरिया ने आईएएनएस को बताया कि रवींद्र ने उनाव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा गया है कि पुलिस अधिकारी छिरौलिया उन्हें लगातार फोन पर धमकी देते रहे हैं और उनके भाई की हत्या की साजिश में उन्हीं का हाथ है।
रवींद्र की इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने धारा 120 (बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। भदौरिया का कहना है कि पुलिस फोन का कॉल डिटेल निकलवाकर कार्रवाई करेगी। छिरौलिया वर्तमान में पुलिस मुख्यालय भोपाल में तैनात है। उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया मगर वे उपलब्ध नहीं हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications