अजहरुद्दीन ने रखा राजनीति में कदम (लीड-2)
पार्टी मुख्यालय में अजहरुद्दीन ने कहा, "मैं यहां कांग्रेस की मदद के लिए हूं और मुझे लोगों तथा पार्टी के लिए बढ़िया काम करना है।"
अजरुद्दीन के पार्टी में शामिल होने की घोषणा के समय पार्टी महासचिव एम.वीरप्पा मोइली सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
अजहरुद्दीन कांग्रेस के अकबर रोड स्थित मुख्यालय सफेद मर्सिडीज से पहुंचे। कांग्रेस में शामिल होने के निर्णय की घोषणा करते हुए अजहरुद्दीन ने कहा, "कांग्रेस में शामिल होकर मैं बहुत खुश हैं। लेकिन मैं कहां से चुनाव लडूंगा, इसका निर्णय मैं नहीं ले सकता, अब मैं कप्तान नहीं हूं।"
कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली ने संवाददाताओं को बताया, "अजहरुद्दीन ने कुछ दिन पहले कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा जताई थी। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से चर्चा करने के बाद उन्हें पार्टी की सदस्यता का प्रस्ताव दिया गया।"
उन्होंने कहा कि पार्टी ने यह निर्णय अभी नहीं लिया है कि अजहरुद्दीन आगामी लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे या नहीं।
अजहरुद्दीन के मैच फिक्सिंग विवाद के बारे में मोइली ने कहा, "अजहरुद्दीन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है और उन्होंने खुद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के विरुद्ध एक मामला दर्ज करवाया है।"
कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने से पहले अजहरुद्दीन ने आईएएनएस से कहा,"मुझे पूरा भरोसा है कि आगामी चुनाव में कांग्रेस बढ़िया प्रदर्शन करेगी।" उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिले थे। वह बहुत उत्साह वाली महिला हैं।
अजहरुद्दीन इस बात पर भी आश्वस्त नहीं हैं कि वह हैदराबाद से चुनाव लड़ेंगे। उल्लेखनीय है कि हैदराबाद मजलिस-ए- इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) का गढ़ है, जो कांग्रेस की सहयोगी पार्टी है।
गौरतलब है कि अजहरुद्दीन को मैच फिक्सिंग विवाद के कारण भारतीय टीम से बाहर होना पड़ा था। इसके बावजूद मौजूदा समय में उनके चाहने वालों की फेहरिस्त काफी लंबी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications