नक्सली हमले में सीआरपीएफ के 3 जवान शहीद, 9 घायल
रायपुर, 19 फरवरी (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के सघन जंगली इलाके महाकाल में गुरुवार को नक्सली हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के तीन जवान शहीद हो गए और नौ घायल हो गए।
राज्य के बस्तर क्षेत्र में पड़ने वाला कांकेर जिला राजधानी रायपुर से 350 किलोमीटर दूर है।
उप पुलिस महानिरीक्षक पवन देव ने आईएएनएस से कहा, "नक्सलियों ने घात लगाकर इस हमले को अंजाम दिया। पहले उन्होंने विस्फोट किया और ध्यान बंटाने की कोशिश की और उसके बाद सीआरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त पेट्रोलिंग टीम पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।"
देव ने बताया कि पेट्रोलिंग टीम में सीआरपीएफ की 111वीं बटालियन के जवान शामिल थे। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल सात जवानों को हेलीकाप्टर के जरिये रायपुर लाया गया और वहां इलाज किया जा रहा है। दो अन्य घायल जवानों का इलाज कांकेर के अस्पताल में किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हमले के दो घंटे के भीतर घटनास्थल पर 100 पुलिसकर्मियों का अतिरिक्त दस्ता भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ में नक्सली हिंसा में वर्ष 2004 से अब तक 1,250 लोग मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications