पैकेज पर हस्ताक्षर को तैयार ओबामा

राष्ट्रपति बराक ओबामा अर्थव्यवस्था के लिए दिए जाने वाले क़रीब आठ खरब डॉलर के पैकेज संबंधी क़ानून पर हस्ताक्षर करने वाले हैं.
इस क़ानून पर हस्ताक्षर करने के लिए डेनवर में एक समारोह आयोजित किया जा रहा है. उल्लेखनीय है कि यहीं पर ओबामा को राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी का उम्मीदवार चुना गया था.
ओबामा इस क़ानून के लिए पूरे सदन का समर्थन चाहते थे जिसे रिपब्लिकन पार्टी ने ख़ारिज कर दिया. रिपब्लिकन पार्टी चाहती थी कि सरकारी खर्चे कम हों और करों में अधिक कटौती की जाए. रिपब्लिकन पार्टी के मात्र तीन सांसदों ने इस पैकेज के समर्थन में वोट डाला.
इस नए पैकेज के तहत देश भर में नई परियोजनाएं, स्वास्थ्य सेवाएं, संरक्षण कार्यक्रम इत्यादि शुरु करने की योजना है. संवाददाताओं का कहना है कि दुनिया भर में स्टॉक मार्केटों में गिरावट देखी जा रही है क्योंकि निवेशकों को लग रहा है कि यह आर्थिक पैकेज अमरीकी अर्थव्यवस्था को मंदी से उबारने के लिए पर्याप्त नहीं है.
इस आर्थिक पैकेज में 'अमरीकी सामान खरीदने' संबंधी विवादास्पद प्रस्ताव को भी जगह दी गई है जिसका अमरीका के साथ व्यापार करने वाले देशों ने खंडन किया है.
सोमवार को ब्राज़ील के विदेश मंत्री सेल्सो अमोरिम ने इस प्रस्ताव को विश्व व्यापार संगठन में चुनौती देने की धमकी दे डाली. इस प्रस्ताव के तहत जिन परियोजनाओं को पैकेज के तहत पैसा मिलेगा उनमें केवल अमरीका में बने सामानों का ही उपयोग किया जाएगा.


Click it and Unblock the Notifications