अमेरिका 17 हजार और जवानों को भेजेगा अफगानिस्तान
वाशिंगटन, 18 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने तालिबान से लड़ने के लिए 17 हजार और जवानों को अफगानिस्तान भेजने की मंजूरी देते हुए कहा कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान की स्थिति को देखते हुए तुरंत कदम उठाने की जरूरत है।
व्हाइट हाउस से मंगलवार को जारी एक बयान में ओबामा ने कहा, "अफगानिस्तान में तालिबान का विस्तार हुआ है और पाकिस्तान की सीमा में सुरक्षित अड्डा बनाकर अल कायदा हिंसा को बढ़ावा दे रहा है।"
उन्होंने कहा, "अफगानिस्तान की खराब हो रही स्थिति को बेहतर बनाने के लिए जवानों की संख्या में बढ़ोतरी करना जरूरी है। वहां तुरंत संसाधनों, दिशा निर्देशों की जरूरत है, जिस पर पहले ध्यान नहीं दिया गया था।"
ओबामा ने कहा कि इराक से सेना की वापसी के बाद आने वाले महीनों में अफगानिस्तान में और जवानों की तैनाती करना उनके लिए संभव हो सकेगा। अफगानिस्तान में अमेरिका के शीर्ष कमांडर जनरल डेविड मैक्किर्नन काफी समय से जवानों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications