राहुल को नेतृत्व सौंपने का फैसला कांग्रेस आलाकमान करेगा : सिब्बल
सिब्बल ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "मनमोहन सिंह हमारे प्रधानमंत्री हैं और बतौर प्रधानमंत्री उनके साथ ही हम आगामी लोकसभा चुनाव में जा रहे हैं।"
आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अटकलें इस बात की लग रही हैं कि क्या कांग्रेस राहुल को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश करेंगी, हालांकि खुद राहुल कह चुके हैं कि मनमोहन सिंह ही फिर से प्रधानमंत्री होंगे।
दिल्ली के चांदनी चौक से सांसद सिब्बल ने कहा कि राहुल भारत को आधुनिक बनाना चाहता है। उन्होंने कहा, "राहुल का गरीब से गरीब लोगों तक पहुंचना इस बात का परिचायक है कि वह समाज के हर तबके की भागीदारी और उनका उत्थान चाहते हैं।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से राम मंदिर निर्माण का मुद्दा उठाए जाने पर सिब्बल ने कहा, "भाजपा ने जब भी यह मुद्दा उठाया जनता से उसे सबक सिखाया। इस मुद्दे को छोड़ने के बाद ही भाजपा की अगुवाई में सरकार बन सकी थी।"
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीटों के तालमेल को लेकर अभी बातचीत चल रही है। कल्याण सिंह के सपा के साथ जाने को लेकर सवाल पर सिब्बल ने कहा कि यह सपा का अंदरूनी मामला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications