पन्ना राजघराने में सास-बहू की तकरार तेज
राजशाही के जमाने में पन्ना राजघराने की पहचान संपन्न राजघरानों में रही है। आज वही संपन्नता इस घराने से संबंध रखने वाले मानवेन्द्र सिंह के परिवार में विवाद की वजह बन चुकी है।
मानवेन्द्र सिंह की पत्नी दिलहर कुमारी और पुत्र वधू जीतेश्वरी कुमारी के बीच वर्षो से संपत्ति विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट-कचहरी तक पहुंच चुका है। संपत्ति पर अपना हक जताने के लिए दोनों एक-दूसरे को गलत साबित करने में जुटी हुई हैं।
इसी महीने के प्रारंभ में राजमहल से बेशकीमती सामान दूसरे शहर ले जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया। जीतेश्वरी कुमारी ने आरोप लगाया कि उनकी सास दिलहर कुमारी कीमती सामानों को ट्रक में भरकर कहीं और ले जा रही हैं। वह पुलिस तक पहुंच गईं।
राजमहल से कीमती सामान ले जाने का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि जीतेश्वरी कुमारी पर दिलहर कुमारी की कार में टक्कर मारने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने जीतेश्वरी कुमारी के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया।
पन्ना के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) निश्चल झारिया ने आईएएनएस को बताया कि दिलहर कुमारी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जीतेश्वरी पर आरोप है कि उन्होंने अपनी कार से दिलहर कुमारी की कार में टक्कर मारी तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications